मुजफ्फरनगर, 10 अप्रैल (भाषा) मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के समसपुर गांव के पास शुक्रवार सुबह एक स्कूल वैन में आग लगने से पांच बच्चे और चालक गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रविशंकर ने बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब आशीष इंग्लिश एकेडमी की वैन करीब 10 बच्चों को लेकर जा रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि पांच बच्चों और चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण संभवत: शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा सं जफर खारी
खारी