योगी मंत्रिमंडल विस्तार : नए मंत्रियों ने जताया आभार, जिम्मेदारी निभाने का भरोसा दिया
योगी मंत्रिमंडल विस्तार : नए मंत्रियों ने जताया आभार, जिम्मेदारी निभाने का भरोसा दिया
लखनऊ, 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि वे अपनी जिम्मेदारियों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे।
योगी आदित्यनाथ मंत्रिपरिषद में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह केवल पद की शपथ नहीं, बल्कि प्रदेश के गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान एवं कल्याण का अटूट संकल्प है।’’
चौधरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य स्पष्ट है- सामाजिक विकास से आत्मनिर्भरता तक, आत्मनिर्भरता से विकसित उत्तर प्रदेश तक और विकसित उत्तर प्रदेश से विकसित भारत तक पहुंचना।’’
समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित विधायक मनोज कुमार पांडेय ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ लेने के बाद कहा कि वह भाजपा के ‘‘सिपाही’’ हैं और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसका निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने मुझ जैसे सामान्य परिवार के बेटे पर विश्वास जताया है, इसके लिए मैं ऊंचाहार और प्रदेश के लाखों शुभचिंतकों की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।’’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के इस बयान पर कि ‘‘यह भाजपा की विदाई का समय है, इसलिए मंत्रिपरिषद का विस्तार हुआ है’’ इस पर पांडेय ने कहा, ‘‘यह उनका मानसिक असंतुलन है। पूरे देश का जनादेश प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा के पक्ष में है। इस तरह के बयान उनकी मानसिकता और लगातार हार से उपजी पीड़ा को दर्शाते हैं।’’
मंत्रिमंडल विस्तार में चौधरी भूपेंद्र सिंह और मनोज कुमार पांडेय ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं, अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को राज्य मंत्री से पदोन्नत कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया। सुरेंद्र दिलेर, कैलाश राजपूत, कृष्णा पासवान और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ली।
शपथ ग्रहण के बाद राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि वह सरकार द्वारा दी गई जिम्मेदारी से बेहद खुश हैं और पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति जनसेवा पर आधारित है और उत्तर प्रदेश को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
नए राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है।
विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी एकजुट होकर आगे बढ़ती रहेगी। राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने कहा कि उन्हें सम्मानित महसूस हो रहा है कि सरकार ने उन्हें और उनके समाज को पहचान दी है। उन्होंने कहा कि वह समाज के हर वर्ग के सम्मान और कल्याण के लिए कार्य करेंगे।
इस बीच, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सभी नए मंत्रियों को बधाई देते हुए कहा कि मंत्रिमंडल अब पूर्ण हो गया है और यह प्रदेश के 25 करोड़ लोगों की सेवा के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करेगा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नए मंत्रियों के शामिल होने से राज्य में विकास की गति और तेज होगी तथा ‘‘विकसित भारत’’ के लक्ष्य को साकार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की भी सराहना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी मंत्री अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि विस्तारित मंत्रिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश और तेज गति से प्रगति करेगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष के नेता ‘‘अब थोड़ा चिंतित हैं’’ और ‘‘आने वाले दिनों में और अधिक चिंतित हो जाएंगे।’’
भाषा
आनन्द रवि कांत

Facebook


