मथुरा (उप्र), 12 जुलाई (भाषा) मथुरा के रिफाइनरी थाना क्षेत्र स्थित हरिधाम कॉलोनी में एक निर्माणाधीन मकान के अंदर रविवार को एक युवक का शव मिला। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस को सुबह करीब 11 बजे ‘डायल 112’ के माध्यम से निर्माणाधीन मकान में शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि फॉरेंसिक इकाई ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान अलीगढ़ जिले के निवासी कुलदीप (36) के रूप में हुई है।
तिवारी ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि कुलदीप के खिलाफ विभिन्न जिलों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी मौत किसी हादसे के कारण हुई है।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी