इजराइली बस्ती में रहने वालों ने 19 वर्षीय युवक की हत्या की: अधिकारी
इजराइली बस्ती में रहने वालों ने 19 वर्षीय युवक की हत्या की: अधिकारी
वेस्ट बैंक, 20 फरवरी (एपी) इजराइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजराइली बस्तियों में बसे लोगों ने एक गांव पर हमले के दौरान फलस्तीनी मूल के एक अमेरिकी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। फलस्तीन के स्वास्थ्य मंत्रालय और प्रत्यक्षदर्शियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मुखमास निवासी राएद अबू अली ने बताया कि बुधवार दोपहर को बस्ती का एक समूह गांव में आया और उन्होंने एक किसान पर हमला कर दिया। निवासियों के हस्तक्षेप के बाद झड़पें हुईं। बाद में इजराइली सेना मौके पर पहुंची और हिंसा के दौरान हथियारबंद बस्ती वालों ने 19 वर्षीय नसरल्ला अबू सियाम की हत्या कर दी और कई अन्य को घायल कर दिया।
अबू अली ने कहा कि सेना ने आंसू गैस के गोले दागे और गोलियां चलाईं। फलस्तीनियों द्वारा पथराव की सूचना मिलने के बाद इजराइल की सेना ने ‘‘दंगा नियंत्रण विधियों’’ का उपयोग करने की बात स्वीकार की लेकिन झड़पों के दौरान गोलीबारी करने से इनकार किया।
अबू अली ने कहा, ‘‘सेना को देखकर बस्ती वालों का हौसला बढ़ा और उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी।’’ उन्होंने बताया कि जमीन पर गिरे घायलों को उन्होंने लाठियों से पीटा।
फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने रामल्ला के पूर्व में स्थित गांव के पास बुधवार दोपहर को गंभीर रूप से घायल अबू सियाम की मौत की पुष्टि की।
फलस्तीनी प्रशासन के ‘वॉल एंड सेटलमेंट रेजिस्टेंस कमीशन’ ने कहा कि अबू सियाम बस्ती वालों द्वारा 2026 में मारा गया पहला फलस्तीनी है।
एपी सुरभि अमित
अमित

Facebook


