बीजिंग, 28 अप्रैल (एपी) दक्षिणी चीन के एक शहर में मूसलाधार बारिश से आयी बाढ़ में कई कारें डूब गयीं तथा 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, गुआंग्शी क्षेत्र के क़िनझोउ शहर में कई लोग अपने घरों में फंस गए और बचाव कर्मियों ने नावों के सहारे उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अधिकारियों के मुताबिक, शहर में सोमवार सुबह 8 बजे तक 24 घंटे में 270 मिलीमीटर (लगभग 10 इंच) से ज़्यादा बारिश हुई। अप्रैल महीने में एक दिन में दर्ज की गयी यह सबसे अधिक बारिश है।
अधिकारियों ने ‘वी चैट’ नामक सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में मौसम विश्लेषक लिन नान के हवाले से बताया कि दक्षिण चीन के तटीय इलाकों में इतनी जोरदार बारिश आमतौर पर मई के मध्य से आखिर में, मॉनसून आने के बाद ही होती है।
लिन के अनुसार अप्रैल के आखिर में इतनी भारी बारिश एक दुर्लभ घटना है।
चीनी आपातकालीन प्रबंधन अधिकारियों द्वारा संचालित एक समाचार संस्था के अनुसार, मंगलवार सुबह से शहर के स्कूलों में कक्षाएं फिर शुरू हो गयीं तथा अधिकतर स्थानों पर यातायात सामान्य हो गया।
एपी अविनाश
अविनाश