तेल की कीमतों में उछाल के बीच ईरान युद्ध में दोनों पक्षों ने ऊर्जा सुविधाओं पर हमले तेज किए

तेल की कीमतों में उछाल के बीच ईरान युद्ध में दोनों पक्षों ने ऊर्जा सुविधाओं पर हमले तेज किए

तेल की कीमतों में उछाल के बीच ईरान युद्ध में दोनों पक्षों ने ऊर्जा सुविधाओं पर हमले तेज किए
Modified Date: March 18, 2026 / 10:38 pm IST
Published Date: March 18, 2026 10:38 pm IST

दुबई, 18 मार्च (एपी) इजराइल ने बुधवार को ईरान के नेताओं को निशाना बनाने का अपना अभियान जारी रखा, जिसमें देश के खुफिया मंत्री की हत्या कर दी गई और एक ईरानी अपतटीय प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर हमला किया गया, जो क्षेत्र की आर्थिक जीवनरेखा मानी जाने वाली ऊर्जा पर दोनों पक्षों से बढ़ते युद्ध के दबाव का संकेत है।

ईरान 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से खाड़ी अरब देशों के ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बना रहा है और उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को (जिससे होकर दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल का परिवहन होता है) लगभग बाधित कर दिया है। बुधवार को ईरान ने सऊदी अरब के उस प्रांत पर हमला किया जहां कई तेल क्षेत्र स्थित हैं और उसने कतर और संयुक्त अरब अमीरात में भी तेल और गैस अवसंरचनाओं पर हमले तेज करने की धमकी दी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमत 108 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच जाने के साथ (युद्ध की शुरुआत के बाद से 40 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि) गैसोलीन और अन्य वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ रही हैं, जिससे दुनिया भर के उपभोक्ताओं और अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव पड़ रहा है।

ट्रंप प्रशासन तेल की आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों को कम करने के तरीकों की तलाश कर रहा है, बुधवार को अमेरिकी वित्त विभाग ने वेनेजुएला पर लगे प्रतिबंधों में ढील दी और कहा कि अमेरिकी कंपनियों को देश की सरकारी तेल और गैस कंपनी के साथ व्यापार करने की अनुमति दी जाएगी।

इजराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने कहा कि ईरानी खुफिया मंत्री इस्माइल खातीब रात भर चले हमले में मारे गए और उन्होंने कहा कि ‘आज पूरे दिन सभी मोर्चों पर महत्वपूर्ण आश्चर्यजनक घटनाओं के सामने आने की उम्मीद है।’ हालांकि उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।

ईरान ने फारस की खाड़ी के अपने पड़ोसी देशों और इजराइल पर हमले करके जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तेल अवीव के पास इजराइल में दो लोग मारे गए। इजराइल के हवाई अड्डा प्राधिकरण के अनुसार, हाल के दिनों में ईरान से दागी गई मिसाइलों को रोके जाने के बाद बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन निजी विमान क्षतिग्रस्त हो गए।

ईरान के सरकारी टेलीविजन ने खातीब की हत्या की पुष्टि की है, जिन पर अमेरिका ने 2022 में अमेरिका और उसके सहयोगियों के खिलाफ कथित साइबर गतिविधियों के लिए प्रतिबंध लगाए थे। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने खातीब की हत्या को ‘अन्यायपूर्ण हत्या’ बताया।

इससे पहले इजराइल के हमले में मंगलवार को ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी और रिवोल्यूशनरी गार्ड के बासिज बल के प्रमुख जनरल गुलाम रजा सुलेमानी मारे गये थे ।

यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो पाया कि ईरान के विशाल साउथ पार्स प्राकृतिक गैस क्षेत्र पर हमले का नेतृत्व किसने किया, हालांकि ईरान के साथ इस क्षेत्र को साझा करने वाले कतर ने इसके लिए इजराइल को दोषी ठहराया। ईरान खाड़ी देशों के तेल संयंत्रों पर हमले जारी रखे हुए है।

इसने तेल की कीमतों को बढ़ाने और वाशिंगटन पर दबाव डालकर उसे पीछे हटने के लिए मजबूर करने की रणनीति के तहत अपने खाड़ी अरब पड़ोसियों के ऊर्जा बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सैन्य ठिकानों को भी निशाना बना रहा है।

ईरान ने बुधवार को सऊदी अरब के विशाल पूर्वी प्रांत पर हमला किया, जहां उसके कई तेल क्षेत्र स्थित हैं, साथ ही कुवैत, बहरीन, कतर और संयुक्त अरब अमीरात पर भी हमला किया।

ईरान ने फारस की खाड़ी से खुले महासागर तक जाने वाले होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों पर प्रतिबंध जारी रखने का संकल्प लिया है। युद्ध शुरू होने के बाद से कुछ ही जहाज वहां से गुजर पाए हैं – इनमें कुछ ईरानी जहाज हैं, साथ ही भारत, तुर्की और अन्य देशों के जहाज भी शामिल हैं। ईरान का कहना है कि जलमार्ग खुला है, लेकिन अमेरिका या उसके कई सहयोगियों के लिए नहीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि ‘हमें किसी की मदद की जरूरत नहीं है!’ ट्रंप इस बात से लगातार निराश होते जा रहे हैं कि उनके द्वारा अन्य देशों से जलडमरूमध्य को फिर से खोलने में मदद करने के लिए जहाज भेजने का अनुरोध करने के बाद भी कोई सहयोगी आगे नहीं आया है।

इराक (जिसने पिछले सप्ताह फारस की खाड़ी पर स्थित अपने मुख्य तेल टर्मिनल पर परिचालन रोक दिया था) ने बुधवार को कहा कि उसने स्वायत्त उत्तरी इराकी कुर्द प्रशासन के साथ एक समझौता किया है जिसके तहत वह एक पाइपलाइन के माध्यम से प्रतिदिन 250,000 बैरल कच्चे तेल का निर्यात तुर्की के भूमध्यसागरीय सेहान बंदरगाह तक शुरू करेगा।

सऊदी अरब पहले से ही होर्मुज जलडमरूमध्य को दरकिनार करते हुए अपने कुछ तेल को पाइपलाइन के माध्यम से देश के पार भेज रहा है ताकि इसे लाल सागर के बंदरगाह से भेजा जा सके।

सऊदी अरब ने रियाद के राजनयिक क्षेत्र को निशाना बना रहे दो ड्रोन को मार गिराया, जहां अमेरिकी दूतावास और अन्य विदेशी मिशन स्थित हैं।

इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के लगातार दूसरे दिन बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर भी हमले हुए। उन्होंने कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से ही ईरान समर्थक मिलिशिया समूह इराक में अमेरिकी ठिकानों पर नियमित रूप से हमले कर रहे हैं।

लारिजानी की हत्या के जवाब में अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने बुधवार को कहा कि उसने मध्य इजराइल को कई वारहेड वाली मिसाइलों से निशाना बनाया है। इन मिसाइलों में मिसाइल रक्षा प्रणालियों से बचने की संभावना अधिक होती है और जो ‘रडार ट्रैकिंग सिस्टम’ को भी नाकाम कर सकती हैं।

संसद के अध्यक्ष रह चुके लारिजानी ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के रणनीतिक सलाहकार थे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के साथ परमाणु वार्ता में अहम भूमिका निभाते रहे थे।

जनरल सुलेमानी मंगलवार को इजरायली हमले में मारे गए। उनपर वर्षों तक असहमति को दबाने में उनकी भूमिका के कारण अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों द्वारा प्रतिबंध लगाए गए थे।

ईरान की न्यायपालिका की समाचार एजेंसी मिजान ने बताया कि दक्षिणी फार्स प्रांत के लारेस्तान काउंटी में एक अदालत परिसर पर हवाई हमला हुआ, जिसमें कम से कम आठ लोग मारे गए। ईरानी रेड क्रिसेंट के अनुसार, संघर्ष शुरू होने के बाद से ईरान में 1,300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं।

मिजान ने यह भी बताया कि ईरान ने इजराइल की मोसाद खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को फांसी दे दी। बुधवार की रिपोर्ट में उसकी पहचान कौरोश कीवानी के रूप में की गई और आरोप लगाया गया कि उसने इज़राइल को ‘संवेदनशील स्थानों की तस्वीरें और जानकारी’ प्रदान की थी।

स्वीडन के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को ईरान में एक स्वीडिश नागरिक की हत्या की निंदा की। नागरिक का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। उसे पिछले साल गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध नहीं है।

एपी शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में