(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 27 जून (भाषा) अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से हमले होने के बीच, पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इसहाक डार ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर बात की है। एक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।
ताजा हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र में शांति के लिए खतरा पैदा हो गया है।
पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के मकसद से अमेरिका और ईरान ने 18 जून को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद 21 जून को स्विट्जरलैंड में तकनीकी स्तर की बातचीत हुई, जिसमें पाकिस्तान और कतर मध्यस्थ की भूमिका में थे।
हालांकि, दोनों पक्ष फिर से एक-दूसरे पर हमले करने लगे। अमेरिका ने शुक्रवार को हवाई हमले किए, यह कार्रवाई एक दिन पहले होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे एक जहाज पर ईरानी ड्रोन हमले के जवाब में की गई थी।
विदेश कार्यालय के बयान के मुताबिक, पाकिस्तान के विदेश मंत्री की भी भूमिका निभा रहे डार ने शुक्रवार रात अराघची से बात की और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं स्थिरता लाने के लिए ‘‘रचनात्मक भूमिका’’ निभाने की इस्लामाबाद की प्रतिबद्धता को दोहराया।
बयान के अनुसार, अराघची ने शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान के निरंतर समर्थन की सराहना की।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश