प्रधानमंत्री मोदी ने कछुआ संरक्षण केंद्र का दौरा किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने कछुआ संरक्षण केंद्र का दौरा किया

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 06:47 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 06:47 PM IST

विक्टोरिया (सेशेल्स), 27 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ सेशेल्स राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान में विशालकाय कछुओं के संरक्षण केंद्र का दौरा किया।

उन्होंने राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ पौधरोपण समारोह में भी हिस्सा लिया जो जैव-विविधता संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

शनिवार को तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर यहां पहुंचे मोदी ने कहा कि सेशेल्स में पाया जाने वाला ‘अल्डाब्रा जाइंट कछुआ’ धरती पर सबसे बड़ी और सबसे ज़्यादा समय तक जीवित रहने वाली प्रजातियों में से एक है, कुछ कछुए तो दो सदियों से भी ज़्यादा का इतिहास देखते हैं।

प्रधानमंत्री ने संरक्षण केंद्र का दौरा करने के बाद ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘अल्डाब्रा जाइंट कछुए का भारत और सेशेल्स के बीच खास दोस्ती से भी नाता है। 2014 में, इनमें से दो कछुए कोलकाता के अलीपुर चिड़ियाघर को तोहफे में दिए गए थे। कुछ साल बाद, सेशेल्स ने हैदराबाद चिड़ियाघर को कुछ और कछुए तोहफे में दिए।’’

मोदी और हर्मिनी ने वनस्पति उद्यान में ‘कोको डी मेर’ नामक पौधा लगाया – यह सेशेल्स में पाई जाने वाली एक खास प्रजाति है।

इसे ‘एक बहुत ही खास कार्यक्रम’ बताते हुए मोदी ने कहा कि सेशेल्स में ‘कोको डी मेर’ का बहुत सम्मान किया जाता है और यह देश के राजकीय चिह्न में भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि यह प्रजाति सबसे बड़े बीज और सबसे भारी फल पैदा करने के लिए जानी जाती है।

मोदी ने कहा, ‘‘भारत और सेशेल्स जैव-विविधता की रक्षा करने, पर्यावरण की देखभाल को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा और स्वस्थ ग्रह छोड़ने के साझा संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा

राजकुमार प्रशांत

प्रशांत