पाकिस्तान के बलूचिस्तान में शटल ट्रेन में हुए विस्फोट में 20 लोगों की मौत, 70 अन्य घायल

Ads

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में शटल ट्रेन में हुए विस्फोट में 20 लोगों की मौत, 70 अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 03:11 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 03:11 PM IST

कराची, 24 मई (भाषा) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को एक शटल ट्रेन में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और करीब 70 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विस्फोट क्वेटा के चमन फाटक रेलवे स्टेशन के पास हुआ।

पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने विस्फोट की पुष्टि की और कहा कि शटल ट्रेन में यात्री सवार थे और विस्फोट से इंजन और तीन बोगियां प्रभावित हुईं।

अब्बासी ने कहा, ‘‘ट्रेन आज सुबह क्वेटा कैंट स्टेशन से सिटी रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी तभी विस्फोट हुआ।’’

पाकिस्तानी टीवी चैनलों और वेबसाइट ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 20 लोग मारे गए और 70 घायल हुए हैं।

प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने विस्फोट की जिम्मेदारी ली है।

बीएलए के एक प्रवक्ता के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब ट्रेन क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को ले जा रही थी।

नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर क्वेटा से एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उन्हें सार्वजनिक बयान नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं और सरकार के प्रवक्ता मृतकों एवं घायलों की संख्या की पुष्टि करते हुए घटना पर आधिकारिक बयान जारी करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी जानकारी के अनुसार, विस्फोट में लगभग 18 से 20 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं।’’

विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के वाहनों और इमारतों के शीशे टूट गए।

ट्रेन यात्रियों को सिटी रेलवे स्टेशन ले जा रही थी, जहां से उन्हें ईद की छुट्टियों के लिए अपने गृहनगर जाने के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी।

नवंबर 2024 में क्वेटा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक आत्मघाती हमलावर के हमले में कम से कम 32 लोग मारे गए थे और कई घायल हो गए थे।

‘जियो न्यूज’ के अनुसार, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के बाद एहतियात के तौर पर पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस को क्वेटा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था।

रेलवे मंत्री हनीफ अब्बासी ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे आतंकवाद का कायरतापूर्ण कृत्य बताया और कहा कि इससे चरमपंथियों के खिलाफ देश का संकल्प कमजोर नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि शत्रुतापूर्ण ताकतें पाकिस्तान में अशांति और भय फैलाने के उद्देश्य से दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों में शामिल हैं।

मंत्री ने आतंकवादियों को ‘‘मानवता का दुश्मन’’ बताया।

गृह मंत्री के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि शहर में हुए विस्फोट के बाद सभी संबंधित संस्थानों को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है।

उन्होंने लोगों से विस्फोट स्थल के पास इकट्ठा नहीं होने का आग्रह किया, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और आपातकालीन टीम बिना किसी बाधा के बचाव कार्य कर सकें।

भाषा सुरभि सुरेश

सुरेश