बाकू, पांच मार्च (एपी) अजरबैजान ने बृहस्पतिवार को ईरान पर उसके क्षेत्र में ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया। उसने दावा किया कि ईरानी ड्रोन हमले में चार नागरिक घायल हो गए।
अजरबैजान ने जवाबी कार्रवाई करने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही पश्चिम एशिया में युद्ध का दायरा बढ़ते हुए एक और देश में पहुंच गया है।
अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ईरानी ड्रोन ने उसके नखचिवान क्षेत्र पर हमला किया और हवाई अड्डे की एक इमारत को क्षतिग्रस्त कर दिया।
राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने ईरान पर ‘‘आतंकवाद और आक्रामकता का निराधार कृत्य’’ करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सेना को जवाबी कार्रवाई की तैयारी और उसे लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने अजरबैजान की ओर ड्रोन भेजने से इनकार किया है। ईरान ने बार-बार युद्ध में तेल अवसंरचना और अन्य नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने से इनकार किया है, हालांकि उसके ड्रोन और मिसाइल हमलों ने इन स्थलों को निशाना बनाया है।
अजरबैजान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान ने नखचिवान की ओर चार ड्रोन भेजे थे, जिनमें से एक को अजरबैजानी सेना ने निष्क्रिय कर दिया, जबकि अन्य ने नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाया, जिनमें एक स्कूल भी शामिल था जहां कक्षाएं चल रही थीं।
एपी
सुभाष शफीक
शफीक