धारावी पुनर्विकास केवल आवास योजना नहीं, आर्थिक बदलाव का अभियान : फडणवीस

Ads

धारावी पुनर्विकास केवल आवास योजना नहीं, आर्थिक बदलाव का अभियान : फडणवीस

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 05:03 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 05:03 PM IST

मुंबई, आठ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि धारावी पुनर्विकास परियोजना केवल आवास उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि आर्थिक बदलाव का एक बड़ा अभियान है और इसके पहले चरण के तहत लगभग 10,000 मकानों का निर्माण अगले 18 महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।

विधानसभा में फडणवीस ने कहा कि परियोजना के तहत पात्र निवासियों का पुनर्वास धारावी में ही किया जाएगा, जबकि अपात्र पाए जाने वाले लोगों को नजदीकी स्थानों पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मुंबई में सुनियोजित शहरी पुनर्विकास और आवास व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए 19 क्लस्टर पुनर्विकास परियोजनाओं की पहचान की है।

धारावी पुनर्विकास परियोजना एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती को आधुनिक और बेहतर बुनियादी सुविधाओं वाले क्षेत्र में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य स्थानीय निवासियों के पुनर्वास के साथ-साथ वहां की अनौपचारिक अर्थव्यवस्था और छोटे उद्योगों को भी संरक्षित रखना है। इस परियोजना की शुरुआत जनवरी 2025 में हुई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के तहत लगभग 9.5 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का विकास किया जाएगा, जिसमें आवास, व्यावसायिक गतिविधियों और रोजगार सृजन को एकीकृत किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सभी पात्र निवासियों को धारावी में 350 वर्ग फुट का मकान मिलेगा। वर्ष 2011 तक की विस्तारित पात्रता के दायरे में आने वाले लोगों को भी 2.5 लाख रुपये का निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, अपात्र पाए जाने वाले लोगों को दूरस्थ स्थानों पर नहीं भेजा जाएगा, बल्कि उनके लिए आसपास के क्षेत्रों में पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।

फडणवीस ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले 18 महीनों में परियोजना के पहले चरण के तहत लगभग 10,000 मकानों का निर्माण पूरा करना है।

भाषा मनीषा नरेश

नरेश