बांग्लादेशी राजनयिक को अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन का प्रमुख नियुक्त किया गया

Ads

बांग्लादेशी राजनयिक को अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन का प्रमुख नियुक्त किया गया

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 11:54 AM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 11:54 AM IST

(योषिता सिंह)

संयुक्त राष्ट्र, 16 जुलाई (भाषा) बांग्लादेश की एक वरिष्ठ राजनयिक को अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र मिशन का प्रमुख नियुक्त किया गया है।

पूर्व राजदूत और संयुक्त राष्ट्र में बांग्लादेश की स्थायी प्रतिनिधि रबाब फातिमा को संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अफगानिस्तान के लिए अपना नया विशेष प्रतिनिधि और अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) का प्रमुख नियुक्त किया है।

महासचिव के प्रवक्ता कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि फातिमा किर्गिजस्तान की रोजा ओतुनबायेवा की जगह लेंगी। फातिमा वर्तमान में ‘अल्प विकसित देशों, एक दूसरे से सटे विकासशील देशों और छोटे द्वीपीय विकासशील देशों’ (यूएन-ओएचआरएलएलएस) के लिए अवर महासचिव और उच्च प्रतिनिधि के तौर पर कार्यरत हैं।

बयान में कहा गया है कि यूएनएएमए में अपनी इस भूमिका के लिए फातिमा के पास ‘‘राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नागरिक सेवा में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है, जिसमें द्विपक्षीय और बहुपक्षीय कूटनीति, नीति-निर्माण, वकालत, कार्यक्रम की योजना बनाना और उसे लागू करना शामिल है’’।

उन्होंने 2019 से 2022 तक संयुक्त राष्ट्र में बांग्लादेश की स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर सेवा दी।

न्यूयॉर्क में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने 2020 में संयुक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष (यूनिसेफ) के कार्यकारी बोर्ड और 2022 में संयुक्त राष्ट्र-महिला कार्यकारी बोर्ड की अध्यक्ष के तौर पर काम किया। इसके अलावा, 2021 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष और संयुक्त राष्ट्र परियोजना सेवा कार्यालय के कार्यकारी बोर्ड की उपाध्यक्ष के तौर पर भी काम किया।

वह 2022 में शांति-निर्माण आयोग की अध्यक्ष चुनी जाने वाली पहली महिला बनीं और संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र की उपाध्यक्ष भी रहीं।

फ़ातिमा ने 2016 से 2019 तक जापान में बांग्लादेश की राजदूत और 2015 से 2016 तक देश के विदेश मंत्रालय में महानिदेशक के तौर पर भी काम किया था।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा