कतर विस्फोट में मारे गए चार भारतीयों के शव स्वदेश भेजे गए: अधिकारी

Ads

कतर विस्फोट में मारे गए चार भारतीयों के शव स्वदेश भेजे गए: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 01:02 AM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 01:02 AM IST

दोहा, 25 जून (भाषा) कतर के रास लाफान औद्योगिक शहर में एक फैक्टरी में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले 12 भारतीय नागरिकों में से चार के शव बृहस्पतिवार को भारत भेज दिए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रविवार को हुए इस भीषण विस्फोट में कुल 13 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें 12 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल था।

दोहा में भारतीय दूतावास ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “रास लाफान विस्फोट में जान गंवाने वाले 12 भारतीय नागरिकों में से चार के शव आज भारत भेजे जा रहे हैं।”

दूतावास ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि बाकी शवों को भी जल्द ही भारत भेज दिया जाएगा। दूतावास ने पीड़ित परिवारों और संबंधित अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया है।”

पोस्ट में कहा गया, “हम कतर के अधिकारियों के साथ-साथ इस मामले में सहयोग और समन्वय के लिए भारतीय सामुदायिक संगठनों को धन्यवाद देते हैं। दूतावास इस दुर्घटना में घायल हुए अन्य भारतीयों के भी लगातार संपर्क में है।”

कतर एनर्जी एलएनजी द्वारा संचालित बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति इकाई में हुए विस्फोट में 66 लोग घायल हो गए थे, जिनमें कई भारतीय भी शामिल हैं।

भाषा सुमित पारुल

पारुल