संत कबीर नगर (उप्र), 25 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार अयोध्या और वाराणसी की तर्ज पर संत कबीर नगर में तामेश्वरनाथ धाम में एक भव्य कॉरिडोर विकसित करने की योजना बना रही है।
आदित्यनाथ ने संत कबीर नगर और गोरखपुर में 475 करोड़ रुपये से ज्यादा की 139 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”यह कॉरिडोर तामेश्वरनाथ धाम को एक नयी पहचान देने के साथ-साथ इस क्षेत्र के विकास को रफ्तार देगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा तामेश्वरनाथ धाम, बाबा बैजूनाथ धाम समेत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण केवल आस्था का सम्मान नहीं, बल्कि उन पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता है जिन्होंने इन धरोहरों की स्थापना की थी।
उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण/स्वीकृति पत्र भी वितरित किये।
मुख्यमंत्री ने मेहन्दावल विधानसभा क्षेत्र की बखिरा झील का जिक्र करते हुए कहा कि यह क्षेत्र अब रामसर साइट और इको-टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है।
भाषा सलीम जोहेब
जोहेब