ओमान तट के पास अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले दो भारतीय नाविकों के शव स्वदेश लाए गए

Ads

ओमान तट के पास अमेरिकी हमले में जान गंवाने वाले दो भारतीय नाविकों के शव स्वदेश लाए गए

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 02:02 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 02:02 PM IST

दुबई, 17 जून (भाषा) ओमान तट के पास एक पोत पर पिछले सप्ताह हुए अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों में से दो के शव बुधवार को स्वदेश ले जाए गए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

इससे एक दिन पहले पलाऊ के ध्वज वाले इस पोत ‘एमटी सेटेबेलो’ से बचाए गए 21 भारतीय नाविकों को स्वदेश लाया गया था।

मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘एमटी सेटेबेलो पर हुए हमले में दुखद रूप से जान गंवाने वाले आदित्य शर्मा और शिवानंद चौरसिया के शव भारत ले जाए गए हैं।’’

हालांकि, दूतावास ने हमले में मारे गए तीसरे भारतीय नाविक पटनाला सुरेश के शव के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी।

भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं।’’

अमेरिका ने ओमान तट के पास पिछले सप्ताह भारतीय चालक दल वाले तीन व्यापारिक पोत पर हमले किए। इनमें से एक पोत ‘एमटी सेटेबेलो’ था। इस पोत पर हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि अन्य को बचा लिया गया था।

इन हमलों के बाद विदेश मंत्रालय ने एक सप्ताह में दो बार अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सात देशों के समूह (जी7) के शिखर सम्मेलन के एक विशेष सत्र को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा था कि सभी देशों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि समुद्री मार्ग सुरक्षित रहें और नाविक बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी द्विपक्षीय वार्ता से एक दिन पहले यह मुद्दा उठाया।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा