उप्र : आंधी-तूफान में ट्रांसफार्मर गिरने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

Ads

उप्र : आंधी-तूफान में ट्रांसफार्मर गिरने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 01:59 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 01:59 PM IST

बदायूं (उप्र), 17 जून (भाषा) जिले के थाना हजरतपुर क्षेत्र के जमालपुर गांव में तेज आंधी और बारिश के दौरान बिजली का खंभा टूटकर गिर गया, जिससे उस पर लगा ट्रांसफार्मर एक झोपड़ी पर आ गिरा। सोमवार को हुए इस हादसे में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बुधवार को बताया कि किसान संतोष के बच्चे 11 वर्षीय विशेष और तीन वर्षीय अनामिका बारिश से बचने के लिए ट्यूबवेल के पास बनी झोपड़ी में छिपे थे। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण बिजली का खंभा टूट गया और ट्रांसफार्मर झोपड़ी पर गिर पड़ा। हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन और ग्रामीण तत्काल दोनों बच्चों को अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों बच्चों के सिर में गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है।

मृतक बच्चों के पिता संतोष के छह बच्चे हैं, जिनमें अनामिका उनकी इकलौती बेटी थी। भाई-बहन की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

दातागंज क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी राहुल पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। राजस्व विभाग और विद्युत विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। शासन की ओर से नियमानुसार मुआवजा और सहायता दिलाने की प्रक्रिया जारी है।

भाषा सं जफर

मनीषा

मनीषा