कोलकाता, 17 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान को छुड़ाने के लिए पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में फाल्टा थाने पर धावा बोलने का प्रयास करने के आरोप में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस साजिश के कथित मास्टरमाइंड के तौर पर जहांगीर खान की पत्नी को नामजद किया है।
अधिकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान थाने पर हमले की आशंका को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई करके पुलिस और केंद्रीय बलों ने किसी भी संभावित हमले को विफल कर दिया।
जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों का उद्देश्य जबरन आरोपी को छुड़ाना और इलाके में अशांति फैलाना था। जांचकर्ताओं ने बताया कि भीड़ फाल्टा के शातोल कोलसा क्षेत्र में खान के घर के पास एकत्रित होकर थाने की ओर बढ़ी, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
अधिकारियों ने आरोप लगाया कि खान की पत्नी सोमवार से ही समर्थकों को जुटाने में सक्रिय थीं और इस संबंध में उनके खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांचकर्ताओं ने बताया कि जांच के दौरान खान की पत्नी के खिलाफ कई अन्य शिकायतें भी सामने आयी हैं।
पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के आधार पर गिरफ्तारी सहित आगे और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। मामले की जांच जारी है ।
जहांगीर खान को आठ जून को उत्तर बंगाल में भारत-नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था। उन पर जबरन वसूली सहित कई आरोप हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस क्षेत्र में उनके कथित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान चला रही है।
भाषा मनीषा अमित
अमित