ब्रिटेन की ग्रीन पार्टी ने विशेष चुनाव में जीत हासिल की, लेबर पार्टी तीसरे स्थान पर खिसकी

Ads

ब्रिटेन की ग्रीन पार्टी ने विशेष चुनाव में जीत हासिल की, लेबर पार्टी तीसरे स्थान पर खिसकी

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 11:20 AM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 11:20 AM IST

लंदन, 27 फरवरी (एपी) ब्रिटेन की ग्रीन पार्टी ने संसद की एक सीट के लिए हुए विशेष चुनाव में शुक्रवार को जीत हासिल की, जिसे छोटे दल के लिए बड़ी सफलता और प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

स्टार्मर की मध्य-वामपंथी लेबर पार्टी इस चुनाव में तीसरे स्थान पर रही।

ग्रीन पार्टी की उम्मीदवार हन्ना स्पेंसर को शुक्रवार तड़के गॉर्टन और डेंटन सीट से विजेता घोषित किया गया जिन्हें 14,980 वोट मिले। धुर दक्षिणपंथी दल रिफॉर्म यूके के उम्मीदवार मैथ्यू गुडविन को 10,578 वोट मिले, जबकि लेबर पार्टी की उम्मीदवार एंजेलिकी स्टोगिया को 9,364 वोट प्राप्त हुए।

यह नतीजा दिखाता है कि ब्रिटेन की राजनीति अब पहले से अधिक बंटी हुई है। कई दशकों तक यहां की राजनीति पर लेबर पार्टी और कंजरवेटिव पार्टी का दबदबा रहा था। ग्रेटर मैनचेस्टर के गॉर्टन और डेंटन क्षेत्र से पिछले लगभग पूरे शताब्दी में अधिकतर समय लेबर पार्टी के सांसद चुने जाते रहे हैं।

हालांकि, जुलाई 2024 में सत्ता में आने के बाद से स्टार्मर सरकार की लोकप्रियता में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

अपनी जीत के बाद स्पेंसर ने कहा, “खुद को उपेक्षित और अकेला महसूस करने वाले गॉर्टन और डेंटन के लोगों को भरोसा दिलाती हूं कि मैं उनकी आवाज मजबूती से उठाऊंगी और उनके लिए लड़ूंगी।”

स्पेंसर स्थानीय काउंसलर हैं और पेशे से प्लंबर भी हैं।

लेबर पार्टी के पूर्व सांसद के इस्तीफा देने के बाद यह चुनाव कराना आवश्यक हो गया था।

‘हाउस ऑफ लॉर्ड्स’ की सदस्य जेनी जोन्स ने इस नतीजे को “पूरी तरह ऐतिहासिक और बहुत बड़ा बदलाव” बताया।

इस जीत के साथ ग्रीन पार्टी के पास 650 सदस्यीय हाउस ऑफ कॉमन्स में अब कुल पांच सीट हो गई हैं। इसने न केवल लेबर पार्टी को पीछे छोड़ा, बल्कि रिफॉर्म यूके को भी पराजित किया।

लेबर पार्टी के पास ‘हाउस ऑफ कॉमन्स’ में 404 सीटें हैं, जबकि रिफॉर्म यूके के पास आठ सीटें हैं।

एपी खारी मनीषा

मनीषा