नेपाल में करोड़ों रुपये के क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में चीन का नागरिक गिरफ्तार
नेपाल में करोड़ों रुपये के क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में चीन का नागरिक गिरफ्तार
(शिरीष प्रधान)
काठमांडू, तीन अप्रैल (भाषा) नेपाल के काठमांडू में क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से लोगों से करोड़ों रुपये ठगने के आरोप में चीन के एक नागरिक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
काठमांडू जिला पुलिस सर्कल के प्रवक्ता पवन कुमार भट्टाराई ने बताया कि पुलिस के एक दल ने 35 वर्षीय झू यी इंग को बृहस्पतिवार को राजधानी के थमेल इलाके से गिरफ्तार किया।
भट्टाराई ने बताया कि आरोपी के पास से 17.99 करोड़ नेपाली रुपये मूल्य के क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन से संबंधित विवरण बरामद किए गए।
पुलिस ने भट्टाराई के पास से तीन मोबाइल और कई दस्तावेज़ बरामद किए, जिनमें अवैध लेन-देन में इस्तेमाल किये गए कागजात भी शामिल थे।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि झू स्थानीय नेपाली लोगों से सोशल मीडिया मंच के जरिए संपर्क कर उन्हें लुभाता था और उनका विश्वास हासिल कर उन्हें ठगता था।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए काठमांडू जिला अदालत से आदेश लेकर चीनी नागरिक को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।
भाषा
राखी प्रशांत
प्रशांत

Facebook


