(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, चार जून (भाषा) नेपाल के ललितपुर जिले में छह और सात जून को ‘काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव’ (केएलएफ) के चौथे संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इस दो दिवसीय महोत्सव में साहित्य, संस्कृति, सिनेमा, संगीत, कूटनीति और शिक्षा जगत सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां हिस्सा लेंगी।
आयोजकों के अनुसार, इस उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि नेपाल की पूर्व प्रधानमंत्री और देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की होंगी।
इस वर्ष महोत्सव का मुख्य विषय ‘सरहदों के पार: बदलते परिवेश में दक्षिण एशियाई साहित्य’ रखा गया है।
केएलएफ के संस्थापक और निदेशक रश्मि रंजन परिदा ने कहा, ‘यह महोत्सव इस बात पर विचार-विमर्श करेगा कि साहित्य, संस्कृति, कला, आध्यात्मिकता और रचनात्मक सोच किस प्रकार एक अधिक जुड़ाव वाले और संवेदनशील दक्षिण एशिया के निर्माण में मददगार साबित हो सकते हैं।’
परिदा ने कहा, ‘काठमांडू कलिंग साहित्य महोत्सव वास्तव में साहित्य, संस्कृति, संगीत, कविता और हमारी सभ्यतागत मित्रता का एक उत्सव है।’
उन्होंने कहा, ‘इस मंच के माध्यम से हम नेपाल, भारत और दक्षिण एशिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे साहित्यिक व सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत करने की उम्मीद करते हैं। साथ ही, इसके जरिए वैश्विक स्तर पर संवाद के नए रास्ते भी खुलेंगे।’
इस दो दिवसीय आयोजन में गायिका व अभिनेत्री इला अरुण, लेखिका प्रतिभा राय, आध्यात्मिक विचारक आचार्य प्रशांत, प्रख्यात अभिनेता, गीतकार व लेखक पीयूष मिश्रा और प्रसिद्ध लेखक व फिल्म निर्माता राज शेखर सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।
इस महोत्सव के दौरान विभिन्न सत्रों में चर्चा, परिचर्चा, कविता पाठ, संगीत प्रस्तुतियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सभ्यतागत संबंधों पर संवाद आयोजित किए जाएंगे।
ओडिशा के भुवनेश्वर में स्थापित ‘कलिंग साहित्य महोत्सव’ (केएलएफ) भारत के अग्रणी साहित्यिक और सांस्कृतिक महोत्सवों में से एक है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश