रक्षा बजट को 2.8 प्रतिशत से घटाकर जीडीपी का 2.2 प्रतिशत किया गया : पाक सेना

Ads

रक्षा बजट को 2.8 प्रतिशत से घटाकर जीडीपी का 2.2 प्रतिशत किया गया : पाक सेना

  •  
  • Publish Date - June 15, 2022 / 12:44 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:44 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 14 जून (भाषा) पाकिस्तान की सेना ने मंगलवार को कहा कि जनता की धारणा के विपरीत वर्ष 2022-23 के लिए रक्षा बजट को जीडीपी के 2.8 प्रतिशत से घटकर 2.2 प्रतिशत कर दिया गया है।

दुनिया न्यूज टीवी को दिए एक साक्षात्कार में सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने कहा कि लोग अक्सर रक्षा बजट के बारे में बात करते हैं, लेकिन ‘‘सीमित संसाधनों में हम सभी जिम्मेदारियों को पूरा कर रहे हैं, जबकि भारत ने हमेशा रक्षा बजट बढ़ाया है।’’

उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति बढ़ने और रुपये के कमजोर पड़ने जैसे कारकों के बाद वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए बजट आवंटन में कमी आई है।

इफ्तिखार ने कहा, ‘‘जब आप मुद्रास्फीति बढ़ने और रुपये के कमजोर पड़ने के मद्देनजर देखते हैं तो यह (रक्षा बजट) वास्तव में घट गया है। यह पिछले साल सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 2.8 प्रतिशत था और अब 2.2 प्रतिशत पर है। इसलिए, रक्षा बजट जीडीपी के संदर्भ में लगातार नीचे जा रहा है।’’

भाषा शफीक पारुल

पारुल