(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, तीन अप्रैल (भाषा) खाड़ी देशों में विभिन्न कारणों से जान गंवाने वाले 38 नेपाली नागरिकों के शव नेपाल नहीं लाए जा सके, क्योंकि क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण उड़ानें बाधित हो गई हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लोक बहादुर छेत्री ने कहा कि रियाद में नेपाली नागरिकों के 17 शव, जेद्दा में पांच, दुबई में पांच, अबू धाबी में चार, तेल अवीव में तीन, कतर में दो तथा ओमान और बहरीन में एक-एक शव हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाल और खाड़ी क्षेत्र के बीच उड़ानें बाधित होने के कारण शव वापस लाने के प्रयासों में देरी हुई।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सरकार शवों को नेपाल लाने की दिशा में काम कर रही है।’’
एक दिन पहले, कुवैत एयरवेज की विशेष उड़ान से नौ नेपाली श्रमिकों के शव कुवैत से स्वदेश लाए गए थे।
मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी युद्ध में एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई है और 21 अन्य घायल हुए हैं।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप