ठाणे, 20 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता की घटना से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 122 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि सरकारी इंदिरा गांधी मेमोरियल (आईजीएम) अस्पताल में 107 लोगों को भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य 15 लोगों का इलाज दूसरे अस्पतालों में हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, 17 जून को एक स्थानीय भोजनालय में खाना खाने वाले कई लोगों को अगले दिन पेट दर्द और दस्त की शिकायत हुई और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा।
अधिकारी ने कहा, ‘नगर निगम अपने स्तर पर उस भोजनालय के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है।’
भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के पीआरओ श्रीकांत परदेशी ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने उस भोजनालय के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय ने प्रतिष्ठान के अनधिकृत हिस्से को भी गिरा दिया है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश
अविनाश