यूक्रेन पर रूस के हमलों में आठ लोग मारे गए, कीव ने ईस्टर पर युद्धविराम की तत्परता का संकेत दिया

यूक्रेन पर रूस के हमलों में आठ लोग मारे गए, कीव ने ईस्टर पर युद्धविराम की तत्परता का संकेत दिया

यूक्रेन पर रूस के हमलों में आठ लोग मारे गए, कीव ने ईस्टर पर युद्धविराम की तत्परता का संकेत दिया
Modified Date: April 4, 2026 / 12:51 am IST
Published Date: April 4, 2026 12:51 am IST

कीव, तीन अप्रैल (एपी) रूसी सेना ने शुक्रवार को यूक्रेन की राजधानी के पास मिसाइलों और ड्रोन से ‘ज़बरदस्त’ हमले किये, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गए। क्षेत्रीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह हमला ऐसे समय में हुआ जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने ईस्टर के मौके पर संभावित युद्धविराम के लिए अपनी तत्परता का संकेत दिया था। यह त्योहार यूक्रेन और रूस, दोनों ही देशों में 12 अप्रैल को मनाया जाता है।

स्थानीय प्राधिकारियों ने बताया कि रूस के हमलों में आठ लोगों की मौत हो गई।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन प्रमुख मिकोला कलाशनिक ने शुक्रवार सुबह टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कीव क्षेत्र एक बार फिर रूस की मिसाइलों और ड्रोन के जबरदस्त हमले की चपेट में है।’’

यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘रात भर लगभग पांच सौ ड्रोन और क्रूज मिसाइलों’’ ने यूक्रेन पर हमले किये।

सिबिहा ने कहा, ‘‘यूक्रेन के ईस्टर युद्धविराम प्रस्तावों का मॉस्को इसी तरह जवाब देता है — क्रूर हमलों के साथ।’’

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को ईस्टर के मौके पर संभावित युद्धविराम के लिए कीव की निरंतर तत्परता का संकेत दिया। यूक्रेन और रूस में ऑर्थोडॉक्स चर्चों द्वारा अपनाए जाने वाले जूलियन कैलेंडर के अनुसार, ईस्टर का त्योहार अगले सप्ताह पड़ रहा है।

ज़ेलेंस्की ने संवाददाताओं को बताया कि इस प्रस्ताव को अमेरिकी माध्यमों से मॉस्को तक पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्रेमलिन की ओर से इस पर अभी तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

जेलेंस्की ने इससे पहले भी ईस्टर के दौरान युद्धविराम का प्रस्ताव दिया था, लेकिन क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि मॉस्को एक स्थायी शांति समझौते का इच्छुक है, न कि किसी अस्थायी युद्धविराम का।

पिछले साल ईस्टर के मौके पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 30 घंटे के एकतरफ़ा युद्धविराम की घोषणा की थी, लेकिन दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर इस युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।

एपी सिम्मी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में