ब्रुसेल्स, नौ मार्च (एपी) बेल्जियम के आंतरिक मामलों के मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन ने सोमवार को कहा कि पूर्वी शहर लीज में एक यहूदी उपासना स्थल के पास रात के समय हुआ विस्फोट ‘एक घृणित यहूदी विरोधी कृत्य’ था और संघीय अभियोजक इसकी जांच कर रहे हैं।
वहीं पश्चिम एशिया में युद्ध को देखते हुए यूरोप के कई देशों ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
लीज पुलिस ने बताया कि सिनेगॉग के बाहर सोमवार तड़के विस्फोट हुआ। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन सिनेगॉग के सामने स्थित एक इमारत की खिड़कियां टूट गईं।
एक बयान में कहा गया है कि जांचकर्ताओं द्वारा इलाके की छानबीन किए जाने तक सड़क को बंद रखा गया।
क्विंटिन ने ‘‘एक्स’’ पर पोस्ट किया, “लीज सिनेगॉग के सामने हुआ विस्फोट एक घृणित यहूदी-विरोधी कृत्य था जिसने बेल्जियम के यहूदी समुदाय को सीधे तौर पर निशाना बनाया। इस तरह के अन्य स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ायी जाएगी।”
उन्होंने विस्फोट और ईरान युद्ध के बीच कोई संबंध नहीं बताया।
बेल्जियम, फ्रांस और जर्मनी उन कई यूरोपीय देशों में शामिल हैं जिन्होंने कहा है कि वे युद्ध के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने का इरादा रखते हैं और इस बात पर भी जोर दिया है कि वे संघर्ष में अमेरिका और इजराइल के साथ खड़े होकर कोई सक्रिय भूमिका नहीं निभा रहे हैं।
इस बीच, नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में पुलिस ने कहा कि वे रविवार तड़के अमेरिकी दूतावास के बाहर हुए विस्फोट के अपराधी की तलाश में वीडियो का विश्लेषण कर रहे हैं।
एपी अमित नरेश
नरेश