एफबीआई ने कैलिफोर्निया में स्वास्थ्य देखभाल घोटाले का पर्दाफाश किया, आठ लोग गिरफ्तार

एफबीआई ने कैलिफोर्निया में स्वास्थ्य देखभाल घोटाले का पर्दाफाश किया, आठ लोग गिरफ्तार

एफबीआई ने कैलिफोर्निया में स्वास्थ्य देखभाल घोटाले का पर्दाफाश किया, आठ लोग गिरफ्तार
Modified Date: April 3, 2026 / 10:02 am IST
Published Date: April 3, 2026 10:02 am IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, तीन अप्रैल (भाषा) अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी एफबीआई ने कैलिफोर्निया में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली से पांच करोड़ डॉलर से अधिक की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

ये लोग कथित रूप से फर्जी “हॉस्पिस केयर’’ केंद्र चला रहे थे यानी ऐसे केंद्र जो कागजों पर तो मरीजों की देखभाल दिखाते हैं लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं करते। ये केंद्र मेडिकेयर से पैसे लेने के लिए धोखाधड़ी करते हैं।

यह कार्रवाई अमेरिकी उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के नेतृत्व वाले कार्य बल के साथ समन्वय में की गई, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में गठित किया था।

कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी बिल एसेली ने बृहस्पतिवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि आरोपियों में तीन नर्स, एक काइरोप्रैक्टर और एक मनोवैज्ञानिक शामिल हैं। इन पर मेडिकेयर से करोड़ों डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप है।

ये लोग ऐसे मरीजों को हॉस्पिस सेवाओं का लाभार्थी दिखाकर बिल बना रहे थे, जो गंभीर रूप से बीमार नहीं थे।

उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं को तब संदेह हुआ जब इन केंद्रों में मरीजों की जीवित रहने की दर सामान्य 17 प्रतिशत की तुलना में पांच गुना अधिक पायी गयी।

अधिकारियों के अनुसार, हॉस्पिस केयर का उद्देश्य जीवन के अंतिम चरण में देखभाल देना होता है, इसलिए वहां जीवित रहने की उच्च दर असामान्य मानी जाती है।

गिरफ्तार लोगों में ग्लैडविन और एमेलो गिल नामक दंपति भी शामिल हैं, जो एक हॉस्पिस कंपनी के मालिक हैं।

एफबीआई के अनुसार, दक्षिणी कैलिफोर्निया क्षेत्र स्वास्थ्य सेवा धोखाधड़ी के लिए उच्च जोखिम वाला इलाका है। एजेंसी ने कहा कि ऐसी धोखाधड़ी से हर साल अरबों डॉलर का नुकसान होता है, जिसका बोझ अंततः करदाताओं पर पड़ता है।

भाषा गोला सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में