ड्रोन हमले की आशंका, लिथुआनिया की राजधानी के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया
ड्रोन हमले की आशंका, लिथुआनिया की राजधानी के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया
विलनियस (लिथुआनिया), 20 मई (एपी) बेलारूस की सीमा के पास ड्रोन गतिविधि को लेकर चिंता बढ़ने के मद्देनजर बुधवार को लिथुआनिया की राजधानी के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया और देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
सेना की ओर से एक आपातकालीन घोषणा में विनियस क्षेत्र के लोगों से ‘‘तुरंत किसी सुरक्षित स्थान पर जाने’’ का आग्रह किया गया।
लगभग एक घंटे तक जारी रही इस चेतावनी के चलते विनियस हवाई अड्डे के ऊपर का हवाई क्षेत्र भी बंद कर दिया गया। बीएनएस समाचार एजेंसी के अनुसार, राष्ट्रपति गीटनस नौसेदा और प्रधानमंत्री इंग्गा रुगिनिएने को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और लिथुआनिया की संसद, सेइमास में भी निकासी का आदेश जारी किया गया।
फरवरी 2022 में रूस द्वारा पड़ोसी यूक्रेन पर किये गए आक्रमण के बाद से यह पहली बड़ी चेतावनी थी, जिसके कारण यूरोपीय संघ और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की राजधानी में निवासियों और राजनीतिक नेताओं को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
यह घटनाक्रम नाटो के एक विमान द्वारा दक्षिणी एस्टोनिया के ऊपर एक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराए जाने के कुछ घंटों बाद हुई। यूक्रेन ने इस ‘‘अनजाने में हुई घटना’’ के लिए माफी मांगी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि वास्तव में क्या हुआ था।
नाटो प्रमुख ने ड्रोन के घुसपैठ पर प्रतिक्रिया की सराहना की।
लिथुआनिया की सीमा पूर्व में रूस के सहयोगी बेलारूस और पश्चिम में रूस के कालिनिनग्राद एन्क्लेव से लगती है।
नाटो के महासचिव मार्क रुट ने हाल के दिनों में हुई कई ड्रोन घटनाओं पर सैन्य गठबंधन की प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए बुधवार को ब्रसेल्स में कहा कि इन घटनाओं का जवाब ‘‘शांत, निर्णायक और संतुलित तरीके से दिया गया।’’
इस बीच, यूक्रेन ने रूस के महत्वपूर्ण तेल उद्योग के खिलाफ अपना हवाई अभियान जारी रखा। जनरल स्टाफ ने बताया कि उसके ड्रोन ने रात भर में एक प्रमुख रूसी तेल रिफाइनरी और एक पाइपलाइन पंपिंग स्टेशन पर हमला किया।
रूसी मीडिया में आयी खबरों में यह भी बताया गया कि दक्षिणी स्टावरोपोल क्षेत्र में एक रासायनिक संयंत्र पर हमला हुआ और उसमें आग लग गई, हालांकि स्थानीय अधिकारियों ने किसी हमले की पुष्टि नहीं की।
भाषा सुभाष माधव
माधव

Facebook


