(शिरीष बी प्रधान)
काठमांडू, 30 जून (भाषा) नेपाल की राजधानी काठमांडू में मंगलवार को दो भारतीय नागरिकों को तीर्थयात्रियों से चोरी और लूटपाट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
नेपाल पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 34-वर्षीय रंजीत चौधरी और 45-वर्षीय शांति के तौर पर की गई है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, रंजीत और शांति अभी नेपाल के भक्तपुर जिले में रह रहे थे और उन्हें काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर इलाके से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, रंजीत और शांति मंदिर आने वाले तीर्थयात्रियों और सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करने वाले लोगों से कीमती सामान चुराने में शामिल थे।
उसने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के पास से सोने के 12 और चांदी के 11 आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें कान की बालियां, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, अंगुठी और सिक्के शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 1,15,500 नेपाली रुपये, 80,000 भारतीय रुपये, छह मोबाइल फोन, दो भारतीय पैन कार्ड और एक आधार कार्ड भी जब्त किया गया है।
उसने बताया कि अदालत ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा पारुल सुरेश
सुरेश