यू्क्रेन में रूसी हमले में चार लोगों की मौत, रक्षा मंत्री को हटाने के जेलेंस्की के कदम से लोग नाराज

यू्क्रेन में रूसी हमले में चार लोगों की मौत, रक्षा मंत्री को हटाने के जेलेंस्की के कदम से लोग नाराज

यू्क्रेन में रूसी हमले में चार लोगों की मौत, रक्षा मंत्री को हटाने के जेलेंस्की के कदम से लोग नाराज
Modified Date: July 17, 2026 / 05:54 pm IST
Published Date: July 17, 2026 5:54 pm IST

कीव, 17 जुलाई (एपी) यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन पर रात भर हुए रूसी हमलों में कम से कम चार आम नागरिकों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए।

जेलेंस्की अपने लोकप्रिय रक्षा मंत्री को हटाये जाने के बाद राजनीतिक संकट से जूझ रहे हैं।

बृहस्पतिवार को जेलेंस्की ने अपनी सरकार में बड़े बदलाव किए, जिसमें नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति भी शामिल है। इस कदम से देश के सैन्य नेतृत्व में बेचैनी फैल गई और जनता में भी नाराजगी देखी गई।

चार साल से ज़्यादा समय से चल रहे रूसी हमले के ख़िलाफ लड़ाई में यूक्रेन को जब कुछ कामयाबी मिल रही थी, तब यह एक अनचाही मुश्किल खड़ी हो गई।

सरकार के युवा और लोकप्रिय सदस्य मिखाइलो फेडोरोव के रक्षा मंत्रालय से अचानक हटने के बाद, बृहस्पतिवार को यूक्रेन के कई शहरों में हज़ारों लोगों ने उन्हें हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।

फ़ेडोरोव (35) इस पद पर सिर्फ़ छह महीने रहे। उन्हें यूक्रेन में तेजी से हुए सफल प्रौद्योगिकी नवोन्मेष और दूसरे कदमों – जैसे कि सेना में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ लड़ाई – के पीछे मुख्य ताकत माना जाता है। इन कदमों ने यूक्रेन के लोगों में युद्ध को लेकर नई उम्मीद जगाई।

जेलेंस्की के अनुसार, फेडोरोव और यूक्रेन की सेना के कमांडर जनरल ओलेक्जेंडर सिरस्की के बीच रिश्ते खराब हो गए थे। इन खराब रिश्तों की वजह से फ़ेडोरोव का पद पर बने रहना मुश्किल हो गया था।

क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि यूक्रेन के दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा पर रात भर हुए रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई और बच्चों समेत 10 अन्य घायल हो गए।

जेलेंस्की के अनुसार, जापोरिझ्झिया इलाके में एक हमले में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्वी खार्किव इलाके में रूसी गोलाबारी से तीन लोग घायल हुए।

अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के पांच अन्य इलाकों में रूसी हमलों में और भी लोग घायल हुए।

एपी

राजकुमार माधव

माधव


लेखक के बारे में