कैरेबियाई देश सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी में चार लोगों की मौत

कैरेबियाई देश सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी में चार लोगों की मौत

कैरेबियाई देश सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी में चार लोगों की मौत
Modified Date: September 27, 2026 / 08:52 am IST
Published Date: September 27, 2026 8:52 am IST

पोर्ट ऑफ स्पेन (त्रिनिदाद), 27 सितंबर (एपी) कैरेबियाई द्वीप राष्ट्र सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस में गोलीबारी की एक घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

यह छोटा सा देश पर्यटन के लिए मशहूर है लेकिन यहां के अधिकारी गिरोहों के बीच हिंसा पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

‘रॉयल सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस’ पुलिस बल ने बताया कि शुक्रवार देर रात अधिकारियों को राजधानी किंग्सटाउन के पास स्थित ग्रीन हिल जिले में गोलीबारी होने की सूचना मिली थी।

कार्यवाहक पुलिस आयुक्त ट्रेवर बेली ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘दो शव मिले। एक महिला का शव सड़क पर खड़ी एक गाड़ी में मिला और पास के एक भूखंड से एक अन्य शव बरामद किया गया।’’

बेली ने कहा कि शवों पर गोली लगने के निशान थे।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी की घटना में चार अन्य लोग घायल हुए हैं।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है और गोलीबारी के कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को हत्या की एक अन्य घटना की भी जानकारी दी और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसका संबंध शुक्रवार रात की गोलीबारी से है।

स्थानीय समाचार संस्थान ‘एनबीसी रेडियो’ से बातचीत में राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री सेंट क्लेयर लीकॉक ने इन घटनाओं की निंदा की। उन्होंने कहा कि सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस एक शांतिपूर्ण देश है लेकिन यह गिरोहों से जुड़ी हिंसा की समस्या से जूझ रहा है।

सेंट विंसेंट एंड ग्रेनाडाइंस पूर्व में ब्रिटिश उपनिवेश था। यह पूर्वी कैरेबियाई क्षेत्र में 32 द्वीपों और छोटे द्वीपों से मिलकर बना है तथा लंबे समय से इसकी आय का मुख्य स्रोत पर्यटन रहा है।

यह छोटा द्वीपसमूह अपने ज्वालामुखीय परिदृश्य, प्रवाल भित्तियों और सफेद रेत वाले समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। यहां कई निजी द्वीप भी हैं जो पर्यटकों के बीच लोकप्रिय हैं।

एपी शोभना सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में