पेरिस, 18 जून (भाषा) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए हिंदी में एक विदाई वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने मोदी को अपना प्रिय मित्र बताया और कहा कि ‘‘फ्रांस आपसे प्यार करता है।’’
मैक्रों ने कहा, ‘‘प्रिय मित्र नरेन्द्र, मुझे बहुत खुशी है आप का नीस, एवियॉन और पेरिस दौरे के लिए स्वागत करते, फ्रांस भारत की दोस्ती अमर रहे।’’
हिंदी में ये पंक्तियां बोलने के बाद मैक्रों ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि यह सही था।’’
फ्रांस के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के लिए उनका धन्यवाद किया और इसे ‘बहुत सार्थक’ बताया। उन्होंने फरवरी में फिर से मिलने की उम्मीद भी जताई।
मैक्रों ने कहा, ‘‘आपकी यात्रा के लिए धन्यवाद। हमारी दोस्ती के लिए धन्यवाद। यह एक बहुत ही सार्थक यात्रा रही। फ्रांस आपसे प्यार करता है। हम आपको जल्द ही फरवरी में फिर से देखने के लिए उत्सुक हैं। जय हिंद।’’
प्रधानमंत्री मोदी 13 जून को भूमध्यसागरीय शहर नीस पहुंचे थे, जहां उन्होंने मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया और द्विपक्षीय बैठक भी की।
इससे पहले मोदी ने स्लोवाकिया की ‘ऐतिहासिक’ यात्रा पूरी की। मोदी स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
मोदी मंगलवार और बुधवार को फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए, जहां भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘फ्रांस की यह यात्रा बातचीत और नतीजों के लिहाज से बहुत सार्थक रही। इसकी शुरुआत नीस में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम से हुई, इसके बाद जी7 के लिए एवियॉन और फिर पेरिस में कार्यक्रम हुए, जहां मैंने ‘विवाटेक 2026′ और एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया, साथ ही सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारियों) से भी मुलाकात की।’
उन्होंने कहा, ‘मैं अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए विशेष रूप से आभारी हूं। आने वाले समय में भारत-फ्रांस मित्रता और मजबूत होगी।’
भाषा
शुभम अविनाश शफीक
शफीक