पेरिस, 20 अप्रैल (एपी) फ्रांस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बाल यौन उत्पीड़न की तस्वीरें और ‘डीपफेक कंटेंट’ साझा किए जाने से जुड़े आरोपों की जांच के सिलसिले में सोमवार को अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क को समन भेजा है।
पेरिस के अभियोजन कार्यालय ने कहा कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क और ‘एक्स’ की पूर्व सीईओ लिंडा याकारिनो को ‘‘स्वैच्छिक पूछताछ’’ के लिए तलब किया गया है, जबकि ‘एक्स’ के अन्य कर्मचारियों को इस सप्ताह गवाह के रूप में पेश होना है।
मस्क को फरवरी में ‘एक्स’ के फ्रांस स्थित दफ्तरों में हुई छापेमारी के बाद तलब किया गया था। यह छापेमारी जनवरी 2025 में पेरिस अभियोजक कार्यालय की साइबर अपराध इकाई द्वारा शुरू की गई जांच के तहत ली गई थी।
मस्क और याकारिनो उस समय ‘एक्स’ का प्रबंधन संभाल रहे थे। याकारिनो मई 2023 से जुलाई 2025 तक कंपनी की सीईओ रहीं।
अभियोजकों ने कहा, ‘‘कंपनी के अधिकारियों के साथ ये स्वैच्छिक पूछताछ उन्हें तथ्यों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने और, यदि आवश्यक हो, तो अनुपालन के लिए प्रस्तावित उपायों को प्रस्तुत करने का अवसर देने के लिए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस चरण में जांच की प्रक्रिया एक रचनात्मक दृष्टिकोण के तहत जारी है, जिसका अंतिम उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ‘एक्स’ फ्रांस में काम करते समय फ्रांसीसी कानूनों का पालन करे।’’
एपी जोहेब शोभना
शोभना