महाराष्ट्र विप के उपसभापति के रूप में अहीर की निर्विरोध जीत के बाद पवार ने उनसे फोन पर बात की

Ads

महाराष्ट्र विप के उपसभापति के रूप में अहीर की निर्विरोध जीत के बाद पवार ने उनसे फोन पर बात की

  •  
  • Publish Date - July 3, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - July 3, 2026 / 12:35 AM IST

मुंबई, दो जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने सचिन अहीर के महाराष्ट्र विधान परिषद के उपसभापति के रूप में निर्विरोध चुने जाने के बाद उन्हें फोन किया।

शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे के भरोसेमंद सहयोगी माने जाने वाले अहीर ने मंगलवार को सबको चौंकाते हुए उपसभापति पद के चुनाव के लिए सत्तारूढ़ शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया था।

सूत्रों के अनुसार, पवार ने अहीर को उनकी निर्विरोध जीत पर बधाई देने के लिए फोन किया था। एक वीडियो में, अहीर फोन पर पवार से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अहीर पवार से हमेशा अपना आशीर्वाद बनाए रखने की बात कहते हुए भी नजर आ रहे हैं।

अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व सदस्य अहीर, 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले अविभाजित शिवसेना में शामिल हो गए थे।

हालांकि, इस हफ्ते की शुरुआत में, एक चौंकाने वाले कदम के तहत, वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए, जिससे ठाकरे परिवार को बड़ा झटका लगा।

पवार द्वारा अहीर को फोन किया जाना इसलिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि राकांपा (शप), ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) की सहयोगी पार्टी है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश