फ्रांस के अभियोजकों ने एप्स्टीन से जुड़े दो मामलों की जांच शुरू की

Ads

फ्रांस के अभियोजकों ने एप्स्टीन से जुड़े दो मामलों की जांच शुरू की

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 09:30 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 09:30 PM IST

पेरिस, 18 फरवरी (एपी) फ्रांस के अभियोजकों ने यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़े संभावित यौन शोषण अपराधों और वित्तीय अनियमितताओं की दो नयी जांच बुधवार को शुरू की और संभावित पीड़ितों से आगे आने का आह्वान किया।

पेरिस की अभियोजक लॉरेंस बेकुआ ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन द्वारा जारी की गई फाइल, मीडिया की खबरों और दर्ज की जा रही नयी शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है।

बेकुआ ने ‘फ्रांस इन्फो न्यूज’ प्रसारक से कहा, ‘वह सारा डेटा…कुछ अन्य चीजों पर प्रकाश डालेगा जिससे एक अच्छी तरह से सूचित, व्यापक, समग्र दृष्टिकोण बनाने में मदद मिलेगी।’

उन्होंने कहा कि एक जांच यौन शोषण के अपराधों पर केंद्रित होगी, जबकि दूसरी वित्तीय कदाचार पर, और दोनों में विशेष मजिस्ट्रेट शामिल होंगे।

यह कदम अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा एप्स्टीन से संबंधित 30 लाख से अधिक पृष्ठों के दस्तावेजों के साथ-साथ हजारों वीडियो और तस्वीरों को जारी करने के बाद उठाया गया है। एप्स्टीन की 2019 में जेल में ही मृत्यु हो गई थी।

बेकुआ ने यह भी कहा कि नए खुलासों के मद्देनजर पुरानी जांचों से संबंधित कुछ सामग्रियों की फिर से समीक्षा की जाएगी। वह नाबालिगों से बलात्कार और यौन तस्करी के आरोपी फ्रांसीसी मॉडलिंग एजेंट जीन-ल्यूक ब्रुनेल की जांच का जिक्र कर रही थीं।

एपी आशीष माधव

माधव