अमेरिका-ईरान वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए पाक के सेना प्रमुख तेहरान में अधिकारियों से मुलाकात करेंगे

Ads

अमेरिका-ईरान वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए पाक के सेना प्रमुख तेहरान में अधिकारियों से मुलाकात करेंगे

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 05:15 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 05:15 PM IST

दुबई, 16 अप्रैल (एपी) पश्चिम एशिया में तनाव कम करने तथा अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर बृहस्पतिवार को तेहरान में ईरानी अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि इजराइल और लेबनान के नेता आज इजराइल और ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिज्बुल्ला के बीच लेबनान में चल रही लड़ाई को रोकने के बारे में बात करेंगे।

यदि यह बातचीत होती है, तो यह दोनों देशों के नेताओं के बीच 30 वर्षों से अधिक समय में पहली बार प्रत्यक्ष वार्ता होगी।

हालांकि, इजराइल और लेबनान की सरकारों ने किसी भी वार्ता के बारे में पुष्टि नहीं की है।

वहीं, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने को कहा है।

वांग ने बुधवार को अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची से फोन पर बातचीत के दौरान अंतरराष्ट्रीय नौवहन की स्वतंत्रता और सुरक्षा की गारंटी मांगी।

चीन की ओर से जारी एक सरकारी बयान के मुताबिक, वांग ने अब्बास अराघची से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के तटीय देश के रूप में ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और वैध अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन साथ ही जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले नौवहन की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

अमेरिकी नौसेना द्वारा ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रहने के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ट्रंप प्रशासन ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाकर ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाएगा।

व्हाइट हाउस ने कहा कि ईरान के साथ आगे की बातचीत संभवतः पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होगी, हालांकि वार्ता फिर से शुरू करने के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच सीधी वार्ता की मेजबानी करने के बाद पाकिस्तान एक प्रमुख मध्यस्थ के रूप में उभरा है।

एपी शफीक नरेश

नरेश