इंडोनेशिया में यात्री नौका के डूबने से एक की मौत, 23 लापता

Ads

इंडोनेशिया में यात्री नौका के डूबने से एक की मौत, 23 लापता

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 07:22 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 07:22 PM IST

पालू, 16 जुलाई (एपी) इंडोनेशिया में एक द्वीप की ओर से जा रही एक यात्री नौका के डूब जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 23 लापता हो गए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यात्री नाव ‘केएम नूरुल साल्सा’ बुधवार सुबह जाम्पेआ द्वीप के बंदरगाह से रवाना हुई थी। नौका पर चालक दल के सदस्यों सहित 70 लोग सवार थे। इसके अलावा, उस पर खोपरा (नारियल गोला), मवेशी और मोटरसाइकिलें भी लदी हुई थीं।

उन्होंने बताया कि बुधवार अपराह्न सूचना मिली कि नौका का इंजन खराब हो गया है और वह दक्षिण सुलावेसी प्रांत के सेलायार द्वीप समूह में अपने गंतव्य वाले बंदरगाह पर पहुंचने से करीब 43 समुद्री मील (79 किलोमीटर) पहले डूब रही है।

मकासर खोज एवं बचाव कार्यालय के प्रमुख मुहम्मद आरिफ अनवर ने बताया कि बचाव दल ने बृहस्पतिवार तक 46 लोगों को बचा लिया है और 23 लापता यात्रियों की तलाश जारी है।

अनवर ने बताया कि खोज एवं बचाव अभियान में खराब मौसम बाधा बन रहा है।

इंडोनेशिया में 17,000 से अधिक द्वीप हैं और यहां यात्री नौकाएं परिवहन का सामान्य साधन हैं। कमजोर सुरक्षा मानकों और क्षमता से अधिक यात्रियों को ले जाने के कारण यहां इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।

एपी प्रचेता सुरेश

सुरेश