नाइजीरिया में बंदूकधारियों का स्कूल पर हमला, 36 छात्र और तीन शिक्षक को बंधक बनाया

नाइजीरिया में बंदूकधारियों का स्कूल पर हमला, 36 छात्र और तीन शिक्षक को बंधक बनाया

नाइजीरिया में बंदूकधारियों का स्कूल पर हमला, 36 छात्र और तीन शिक्षक को बंधक बनाया
Modified Date: July 1, 2026 / 08:15 am IST
Published Date: July 1, 2026 8:15 am IST

अबुजा, एक जुलाई (एपी) नाइजीरिया के पूर्वोत्तर क्षेत्र में बंदूकधारियों ने एक स्कूल पर हमला कर 36 छात्रों और तीन शिक्षकों का अपहरण कर लिया। प्राधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह हमला सोमवार को बोर्नो प्रांत के अस्किरा-उबा क्षेत्र स्थित ‘लासा डे सेकेंडरी स्कूल’ में हुआ। हमले में कम से कम एक शिक्षक की मौत हो गई।

बोर्नो के गवर्नर के प्रवक्ता दाऊदा इलिया ने एक बयान में बताया कि हमले के दौरान 25 छात्राओं, 11 छात्रों और तीन शिक्षकों को अगवा कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि गवर्नर बाबागाना जुलुम ने वरिष्ठ अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल को इलाके में भेजा है।

बोर्नो के शिक्षा आयुक्त लवान अब्बा वकीलबे ने इस घटना को ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताते हुए कहा कि अधिकारी बंधक बनाए गए छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षित वापसी के लिए सुरक्षा एजेंसियों और समुदाय के नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

जिस समय हमला हुआ, उस समय छात्र माध्यमिक विद्यालय की अंतिम परीक्षाएं दे रहे थे। इन विद्यार्थियों की उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच है।

किसी भी समूह ने हमले की फिलहाल जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, क्षेत्र में सशस्त्र समूहों के विद्रोह के कारण हजारों लोग मारे गए हैं और लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।

पूर्वोत्तर नाइजीरिया और लेक चाड क्षेत्र में आतंकवादी संगठन बोको हराम तथा उससे अलग हुआ गुट ‘इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रॉविंस’ (आईएसडब्ल्यूएपी) सक्रिय हैं।

इसी महीने की शुरुआत में नाइजीरियाई सेना ने नगोशे कस्बे से बोको हराम द्वारा अगवा किए गए 300 से अधिक लोगों को मुक्त कराया था।

एपी सिम्मी खारी

खारी


लेखक के बारे में