मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) मुंबई के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के बीते 24 घंटों के दौरान 100 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक बारिश हुई जबकि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन के समय ‘तेज से बहुत तेज’ बारिश का पूर्वानुमान जताया है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने ताजा जानकारी में बताया कि महानगर में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सुबह के समय मध्य, पश्चिमी और हार्बर लाइनों पर उपनगरीय ट्रेन सेवाएं सामान्य रहीं हालांकि यात्रियों ने लोकल ट्रेनों के निर्धारित समय से देरी से चलने की शिकायत की।
शहर की एक अन्य जीवनरेखा मानी जाने वाली बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) की बस सेवाएं भी सामान्य रहीं और किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं मिली।
नगर निकाय ने बताया कि शुक्रवार अपराह्न दो बजकर 18 मिनट पर 4.28 मीटर ऊंचा ज्वार, रात आठ बजकर 22 मिनट पर 1.74 मीटर ऊंचा ज्वार, शुक्रवार देर रात दो बजकर नौ मिनट पर 3.68 मीटर ऊंचा ज्वार और शनिवार सुबह सात बजकर 44 मिनट पर 1.05 मीटर ऊंची लहरें आने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार आधी रात के आसपास से ही मुंबई में बारिश हो रही है। दादर, अंधेरी, गोरेगांव और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हालांकि सुबह तक पानी उतर गया।
सुबह के शुरुआती घंटों में बारिश की तीव्रता कम हो गई थी लेकिन सुबह आठ बजे के बाद मुंबई के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश तेज हो गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के 24 घंटे के दौरान शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।
नगर निकाय ने बताया कि सबसे अधिक 150.2 मिमी बारिश वाडी बंदर क्षेत्र में दर्ज की गई, इसके बाद मालाबार हिल में 145.8 मिमी और सैंडहर्स्ट रोड क्षेत्र में 140.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बीएमसी के अनुसार, पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी स्थित मालपा डोंगरी नगर निगम विद्यालय में 136.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं, पूर्वी उपनगरों में सबसे अधिक 124 मिमी वर्षा पवई क्षेत्र में दर्ज की गई।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना