‘अस्तित्व के संकट’ से निपटने के लिये ईरान के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू किया: आईडीएफ

Ads

‘अस्तित्व के संकट’ से निपटने के लिये ईरान के खिलाफ संयुक्त अभियान शुरू किया: आईडीएफ

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 08:33 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 08:33 PM IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, 28 फरवरी (भाषा) इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने शनिवार को कहा कि ईरान पर अमेरिका के साथ की गयी संयुक्त कार्रवाई में “दर्जनों सैन्य ठिकानों” पर हमले शामिल थे और ये हमले “अस्तित्वगत खतरे से निपटने के लिए शासन के खिलाफ एक व्यापक, समन्वित और संयुक्त आक्रमण” के हिस्से के रूप में किए गए थे।

एक बयान में, इजराइली सेना ने कहा कि अमेरिका के साथ “संयुक्त, व्यापक और शक्तिशाली अभियान” का उद्देश्य “ईरानी आतंकवादी शासन के खिलाफ पूरी तरह से प्रहार करना और इजराइल राष्ट्र के लिए अस्तित्वगत खतरों को समाप्त करना” है।

आईडीएफ ने कहा, “ईरानी शासन ने इजराइल को नष्ट करने की अपनी योजना नहीं छोड़ी है।” उसने कहा, “पिछले साल जून में इजराइल द्वारा ईरान पर किये गए भीषण प्रहार के बावजूद, ईरान ने यहूदी राज्य को नष्ट करने की अपनी परियोजना को कभी नहीं छोड़ा।”

इससे पहले, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी इसी तरह के दावे किए थे।

सेना ने कहा, “आईडीएफ ने पाया कि (ईरानी) शासन अपनी मिसाइल उत्पादन प्रक्रिया के पुनरुद्धार के साथ-साथ अपने परमाणु कार्यक्रमों को मजबूत करने, उन्हें सुरक्षित रखने और छुपाने के प्रयासों को जारी रखे हुए है।”

उसने दावा किया कि ईरान ने बैलिस्टिक मिसाइलों का उत्पादन बढ़ा दिया है और प्रति माह दर्जनों प्रक्षेपास्त्र बना रहा है।

आईडीएफ ने कहा, “इसके अलावा, शासन ने इजराइल की सीमाओं पर तैनात अपने गुर्गों को वित्तपोषण, प्रशिक्षण और हथियार मुहैया कराना जारी रखा। ये कार्रवाइयां इजराइल के लिए अस्तित्वगत खतरा पैदा करती हैं और पश्चिम एशिया तथा पूरी दुनिया के लिए खतरा हैं।”

इसमें कहा गया है कि संयुक्त सैन्य अभियान शुरू करने के लिए महीनों की “गहन और संयुक्त योजना” की आवश्यकता थी।

आईडीएफ ने कहा, “इससे सेनाओं के बीच अधिकतम तालमेल और समन्वय के साथ व्यापक हमले को अंजाम देना संभव हुआ।”

आईडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने शीर्ष कमांडरों के साथ एक मूल्यांकन बैठक की।

इजराइली सेना ने कहा कि सैनिक “सभी मोर्चों पर और किसी भी शत्रु के खिलाफ हमले के लिए” हाई अलर्ट पर हैं।

आईडीएफ ने कहा, “यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक आवश्यक होगा।”

भाषा प्रशांत दिलीप

दिलीप