चीन ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ट्रेन बम विस्फोट की निंदा की

Ads

चीन ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ट्रेन बम विस्फोट की निंदा की

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 10:25 PM IST

बीजिंग, 25 मई (भाषा) चीन ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक यात्री ट्रेन में हुए बम विस्फोट की सोमवार को निंदा की। हमले में कम से कम 24 लोग मारे गए।

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने हमले में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई।

बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में रविवार को एक शटल ट्रेन में हुए शक्तिशाली विस्फोट में कम से कम 24 लोग मारे गए और 50 अन्य घायल हो गए। प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी ली।

माओ ने कहा कि चीन सभी तरह के आतंकवाद का दृढ़ता से विरोध करता है और आतंकवाद से निपटने, एकजुटता और स्थिरता बनाए रखने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पाकिस्तान का मजबूती से समर्थन करता रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता की संयुक्त रूप से रक्षा करने के लिए हम पाकिस्तान के साथ आतंकवाद रोधी सहयोग को और मजबूत करने के लिए तैयार हैं।’’

यह शटल ट्रेन क्वेटा छावनी से रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी इसे चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया।

बीएलए के एक प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि यह हमला उस समय किया गया जब ट्रेन छावनी क्षेत्र से सैन्य कर्मियों को ले जा रही थी।

भाषा आशीष माधव

माधव