भारत संघर्ष को खत्म करने के लिए यूक्रेन और रूस के लगातार संपर्क में है : जयशंकर

भारत संघर्ष को खत्म करने के लिए यूक्रेन और रूस के लगातार संपर्क में है : जयशंकर

भारत संघर्ष को खत्म करने के लिए यूक्रेन और रूस के लगातार संपर्क में है : जयशंकर
Modified Date: September 4, 2026 / 11:06 pm IST
Published Date: September 4, 2026 11:06 pm IST

वारसॉ, चार सितंबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि भारत लगातार यूक्रेन और रूस के संपर्क में है और यह देखने की कोशिश कर रहा है कि क्या ऐसे विचार एवं सुझाव विकसित किए जा सकते हैं, जो संघर्ष को कम करने या उसे समाप्त करने में योगदान दे सकें।

बृहस्पतिवार को यूक्रेन के शीर्ष नेतृत्व के साथ बातचीत के बाद कीव से वारसॉ पहुंचे जयशंकर ने पोलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की से मुलाकात के बाद यह बात कही।

सिकोरस्की के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि उन्होंने पोलैंड के अपने समकक्ष के साथ वैश्विक स्तर की जटिल चुनौतियों पर चर्चा की, जिनमें आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाना तथा खाद्य, ईंधन और उर्वरक सुरक्षा शामिल हैं।

जयशंकर ने कहा, ‘‘उप प्रधानमंत्री और मैंने स्वाभाविक रूप से कुछ प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। इनमें सबसे प्रमुख यूक्रेन युद्ध है, जो अब अपने पांचवें वर्ष में है… मैं खुद अभी कीव से यहां आया हूं।’’

एक सवाल के जवाब में जयशंकर ने कहा कि भारत लगातार यूक्रेन और रूस, दोनों पक्षों के संपर्क में है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या ऐसे विचार और सुझाव विकसित किए जा सकते हैं, जो किसी तरह संघर्ष को कम करने और आदर्श रूप से इसे समाप्त करने में योगदान दे सकें।’’

एक दिन पहले जयशंकर ने यूक्रेन में कहा था कि भारत यूक्रेन-रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए ‘‘किसी भी तरीके से हर संभव मदद’’ देने को तैयार है।

उन्होंने बृहस्पतिवार को कीव में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की और अपने यूक्रेनी समकक्ष आंद्रेई सिबिहा से मुलाकात की थी।

भाषा शफीक रंजन

रंजन


लेखक के बारे में