टोरंटो में भारतीय-कनाडाई व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

Ads

टोरंटो में भारतीय-कनाडाई व्यक्ति की गोली मारकर हत्या

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 07:40 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 07:40 PM IST

ओटावा, नौ फरवरी (भाषा) कनाडा के टोरंटो में एक व्यस्त शॉपिंग सेंटर के पार्किंग स्थल में अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी में 37 वर्षीय एक भारतीय-कनाडाई व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस संबंध में रविवार को जारी एक बयान में टोरंटो पुलिस ने मृतक की पहचान ब्रैम्पटन निवासी चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में की है।

बयान के अनुसार,शनिवार को दोपहर लगभग 3:31 बजे पुलिस को रेक्सडेल बुलेवार्ड और राजमार्ग 27 पर स्थित वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के पार्किंग स्थल में गोलीबारी की सूचना मिली।

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों को एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, नंदकुमार मूल रूप से कर्नाटक के निवासी थे और पेशे से आईटी विशेषज्ञ थे।

पुलिस ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध वाहन से फरार हो गए।

टोरंटो में यह इस साल की ऐसी तीसरी हत्या है।

सीटीवी न्यूज के अनुसार, घटनास्थल से मिली तस्वीरों में एक सफेद एसयूवी के आगे के शीशों पर गोलियों के निशान हैं। इसी के साथ चालक की ओर की खिड़की का शीशा भी टूटा हुआ दिखाई दे रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की परिस्थितियों और कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन पुलिस का मानना है कि यह एक लक्षित हमला था।

पुलिस निरीक्षक एरोल वॉटसन के अनुसार, यह कोई आकस्मिक घटना नहीं लगती । उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि हमले में कितने संदिग्ध शामिल थे और कितनी गोलियां चलाई गईं।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश