जकार्ता, 16 अप्रैल (एपी) इंडोनेशिया अपने हवाई क्षेत्र में उड़ानों की अनुमति देने के संबंध में अमेरिका के प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इंडोनेशिया और अमेरिका के बीच प्रमुख रक्षा सहयोग साझेदारी स्थापित होने के बाद यह प्रस्ताव स्थानीय मीडिया में सामने आया। इसकी घोषणा अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोमवार को पेंटागन में की थी।
इंडोनेशिया के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता यवोन मेवेंगकांग ने पत्रकारों से कहा, “यह अभी सरकार के आंतरिक विचार-विमर्श के अधीन है और नियामक तंत्र की सावधानीपूर्वक पड़ताल जारी है। और निश्चित रूप से इसमें इंडोनेशिया के राष्ट्रीय हितों, हवाई क्षेत्र की संप्रभुता और हमारी स्वतंत्र एवं सक्रिय विदेश नीति को भी ध्यान में रखा जा रहा है।”
इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय ने इस सप्ताह पुष्टि की कि अमेरिका ने हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने की अनुमति मांगी थी और इस पर अभी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “विचार-विमर्श प्रक्रिया के दौरान, इंडोनेशिया ने कई महत्वपूर्ण संशोधन किए और इस बात पर जोर दिया कि यह दस्तावेज बाध्यकारी नहीं है तथा स्वतः प्रभावी नहीं होता, और इस पर लागू तकनीकी तंत्रों एवं राष्ट्रीय प्रक्रियाओं के माध्यम से आगे चर्चा की आवश्यकता है।”
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल