Lebanon-Israel Ceasefire: लेबनान-इजराइल के बीच सीजफायर का ऐलान, इतने दिनों तक दोनों देश एक-दूसरे पर नहीं करेंगे हमले, डोनाल्ड ट्रंप ने दी जानकारी

Ads

लेबनान-इजराइल के बीच सीजफायर का ऐलान, इतने दिनों तक दोनों देश एक-दूसरे पर नहीं करेंगे हमले, Trump Announces Lebanon-Israel Ceasefire

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 10:04 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 10:04 PM IST

Lebanon-Israel Ceasefire:. Image Source : FILE

वॉशिंगटन/बेरूत: Lebanon-Israel Ceasefire: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल और लेबनान के बीच जारी संघर्ष के बीच बड़ा ऐलान करते हुए 10 दिनों के युद्धविराम की घोषणा की है। ट्रंप के मुताबिक यह निर्णय क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि यह सहमति लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद बनी है। अमेरिकी समयानुसार युद्धविराम शाम 5 बजे से प्रभावी हो गया है।

Lebanon-Israel Ceasefire: ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, ”अभी-अभी मेरी लेबनान के अत्यंत सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बीबी नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए, वे समय के अनुसार शाम 5 बजे से औपचारिक रूप से 10 दिनों का सीजफायर शुरू करेंगे। मंगलवार को, 34 वर्षों में पहली बार, इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने वाशिंगटन में हमारे महान विदेश मंत्री, मार्को रूबियो के साथ मुलाकात की।” उन्होंने आगे कहा, ‘’मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रूबियो को, ‘जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर, इजरायल और लेबनान के बीच एक स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया है। दुनिया भर में 9 युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है, और यह मेरा 10वां प्रयास होगा। तो चलिए, इसे पूरा करके दिखाते हैं।”

जल्द से जल्द संघर्ष रोका जाए- लेबनान

वहीं लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ ऑन के कार्यालय ने एक्स में एक पोस्ट पर लिखा कि आज दोपहर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस बातचीत के दौरान राष्ट्रपति आउन ने लेबनान में संघर्ष-विराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए एक बार फिर उनका आभार व्यक्त किया; इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कामना की कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके। ट्रंप ने राष्ट्रपति आउन और लेबनान के प्रति अपने समर्थन को दोहराया है और इस बात पर ज़ोर दिया कि वे लेबनान की इस मांग को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।