सिंगापुर, 10 मई (भाषा) सिंगापुर में आयोजित एक सांस्कृतिक उत्सव में इस सप्ताहांत कलाकारों को अनोखे पुरस्कार दिए गए। उन्हें पुरस्कार के रूप में भारतीय आम के डिब्बे भेंट किए गए। यह पहल भारतीय आम के निर्यात को बढ़ावा देने के प्रयासों के तहत की गई।
उत्तर-पूर्वी सिंगापुर के ‘नी सून’ सार्वजनिक आवास क्षेत्र में आयोजित ‘थ्रेड्स ऑफ इंडियन ट्रेडिशन’ उत्सव के दौरान गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को भारत के विभिन्न राज्यों के आम पुरस्कार स्वरूप दिए गए।
सिंगापुर स्थित भारतीय उच्चायोग द्वारा इस महीने आयोजित आम के प्रचार के लिए यह दूसरा उत्सव था। पहला आयोजन एक से तीन मई के बीच पूर्वी तट के एक अन्य आवासीय क्षेत्र में हुआ था जहां छह हजार से अधिक लोगों ने भारतीय आमों की 10 किस्मों का स्वाद चखा।
भारत के उच्चायुक्त शिल्पक अंबुले ने रविवार को कहा, ‘हमारा प्रयास रहा है कि हम अपने सिंगापुर स्थित मित्रों को विश्व स्तर पर प्रसिद्ध भारतीय आमों की एक विविध श्रृंखला से परिचित कराएं।’
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है और आम के मौसम में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उत्सव में करीब 60 कलाकारों ने प्रस्तुति दी और 650 से अधिक स्थानीय निवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम में सिंगापुर की सांसद ली हुई यिंग भी मौजूद रहीं।
स्थानीय कलाकार थनेश ने कहा कि कई कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के बावजूद यह पहली बार है जब उन्हें सम्मान स्वरूप उनके पसंदीदा फल आम का डिब्बा मिला है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश