काराकस, 29 जून (भाषा) भूकंप प्रभावित वेनेजुएला में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत भारतीय सेना का एक अस्पताल पूरी तरह से काम करने लगा है और 24 घंटे मुफ्त चिकित्सा सेवा प्रदान कर रहा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वेनेजुएला में भारतीय दूतावास ने बताया कि बहुत अनुभवी चिकित्सकों वाली एक भारतीय मेडिकल टीम ने काराकास के इंटरनेशनल ला रिंकोनाडा रेसट्रैक पर एक शिविर लगाया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया है, ‘‘चिकित्सा शिविर अब पूरी तरह से चालू है। यहां 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध हैं और सभी सेवाएं मुफ्त हैं।’’
बुधवार शाम को आया 7.2 और 7.5 तीव्रता का भूकंप वेनेजुएला में एक सदी से भी अधिक समय में आये सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक था और इसके झटके पूरे इलाके में महसूस किये गए।
वेनेज़ुएला में आए भूकंप से मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर 1,450 हो गई। साथ ही, हजारों लोग घायल हैं और कई लोग लापता बताये जा रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया में यह भी कहा कि वेनेज़ुएला में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ चलाया जा रहा है।
जायसवाल ने कहा कि भारतीय सेना के चिकित्सक लोगों का उपचार कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वेनेजुएला के स्वास्थ्य उप-मंत्री ने इस अस्पताल का दौरा किया है।
भाषा सुभाष संतोष
संतोष