सिंगापुर, 17 मार्च (भाषा) सिंगापुर की एक अदालत ने एक भारतीय नागरिक के खिलाफ पिछले महीने बैंकॉक से सिंगापुर आ रही उड़ान में एक विमान परिचारिका के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न करने के लिये मंगलवार को आरोप तय किये। स्थानीय मीडिया में आयी खबरों में इसकी जानकारी दी गयी है।
आकाश तिवारी (35) पर सिंगापुर एयरलाइन की उड़ान में पीड़िता का शील भंग करने के इरादे से बल प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि उसने विमान परिचारिका के साथ बिना उसकी सहमति के शारीरिक संपर्क किया।
स्थानीय अखबार द स्ट्रेट्स टाइम्स के अनुसार आरोपी पर विमान परिचारिका के साथ गलत व्यवहार कर उसे मानसिक रूप से परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है।
तिवारी के खिलाफ इस वर्ष नौ फरवरी को आरोप लगाये गये थे।
पुलिस ने बताया कि घटना वाले दिन शाम करीब 4:30 बजे उसे इस संबंध में सूचना मिली थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि विमान परिचारिका आरोपी को उसकी सीट के पास सेवा दे रही थी, तभी उसने कथित रूप से उसे अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने तुरंत आरोपी को ऐसा करने से मना किया।
विमान के उतरने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और हवाई अड्डा पुलिस डिवीजन के अधिकारियों ने आगे की जांच की।
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी को 26 मार्च को दोबारा अदालत में पेश होना है।
पुलिस ने कहा, “ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा राखी रंजन
रंजन
रंजन