प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ वार्ता की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ वार्ता की

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 01:55 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 01:55 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

विक्टोरिया (सेशेल्स), 28 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के समग्र दायरे की समीक्षा की तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के पारस्परिक हितों से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

तीन दिवसीय यात्रा पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे मोदी का राष्ट्रपति हर्मिनी ने स्टेट हाउस में स्वागत किया।

इसके बाद दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई, जिसमें उन्होंने पारस्परिक हितों से जुड़े क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।

राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर सेशेल्स की यात्रा पर आए प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को मुख्य अतिथि के रूप में सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे।

इस दौरान वह सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी संवाद करेंगे।

भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से मजबूत साझेदारी रही है, जिसकी नींव साझा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच परस्पर संबंधों पर आधारित है।

हिंद महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी के रूप में सेशेल्स, भारत के ‘विजन महासागर’ (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र प्रगति) तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता में विशेष स्थान रखता है।

‘ग्लोबल साउथ’ शब्द का इस्तेमाल आम तौर पर आर्थिक रूप से कम विकसित देशों को संदर्भित करने के लिए किया जाता है।

भाषा गोला रंजन

रंजन