भारत का ध्यान जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने पर: द. अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त

भारत का ध्यान जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने पर: द. अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त

भारत का ध्यान जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से निपटने पर: द. अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त
Modified Date: July 10, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: July 10, 2026 9:04 pm IST

(फकीर हसन)

जोहानिसबर्ग, 10 जुलाई (भाषा) दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार ने कहा है कि भारत जीवनशैली से जुड़ी गैर-संचारी बीमारियों जैसे मोटापा और मधुमेह के बढ़ते बोझ से निपटने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।

मीडिया से बातचीत में कुमार ने महत्वपूर्ण विकास संकेतकों (जिनमें मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल पहुंच और टीकाकरण आदि शामिल हैं) में देश की प्रगति पर जोर दिया।

बृहस्पतिवार को भारत के छठे राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के मुख्य निष्कर्षों और दीर्घकालिक रुझानों को साझा करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भारत एक महत्वपूर्ण नए चरण में प्रवेश कर चुका है, जिसमें स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने, पोषण संबंधी परिणामों में सुधार करने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बढ़ते बोझ को प्रबंधित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।’’

मुंबई स्थित ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पॉपुलेशन साइंसेज’ द्वारा 2023-24 के दौरान 715 जिलों में किए गए इस सर्वेक्षण में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रजनन क्षमता, परिवार नियोजन, पोषण, टीकाकरण और महिला सशक्तीकरण सहित प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में प्रगति दिखाई दी।

कुमार ने कहा, ‘‘आखिरकार ये अहम नतीजे इस बात की पुष्टि करते हैं कि भारत अलग-अलग क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल और आखिरी छोर तक सेवाएं पहुंचाने की मजबूत व्यवस्था के जरिए ‘सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज’ और ‘सतत विकास लक्ष्यों’ को हासिल करने की दिशा में लगातार और सबको साथ लेकर आगे बढ़ रहा है।’’

भाषा संतोष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में