गंगटोक, 17 अप्रैल (भाषा) सिक्किम सरकार के अधिकारियों के एक दल ने शुक्रवार को गंगटोक में उन कार्यक्रमों स्थलों का निरीक्षण किया जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 27 और 28 अप्रैल के अपने दौरे के दौरान जाएंगे।
अधिकारियों ने सबसे पहले ‘मैत्रेय मंजरी’ का निरीक्षण किया, जहां विशेष शाखा के महानिरीक्षक प्रताप प्रधान और विशेष शाखा की पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) कर्मा डोलमा ने उन्हें कार्यक्रम स्थल पर लागू सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने हस्तशिल्प एवं हथकरघा निदेशालय और नर बहादुर भंडारी सरकारी कॉलेज का भी दौरा किया, जहां उन्हें गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सीधा प्रसारण की व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया।
एमजी मार्ग पर सड़क एवं पुल विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण टीम को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रोड शो के लिए ‘रोड मैपिंग’ की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री 27 अप्रैल को दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचने वाले हैं। यहां आने के बाद वह राज्य की राजधानी में लिबिंग हेलीपैड से लोक भवन तक एक रोड शो करेंगे।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मोदी 28 अप्रैल को पालजोर स्टेडियम में सिक्किम के राज्य का दर्जा मिलने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में साल भर चले समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश